सांडेराव बस स्टैंड पर विकास के नाम पर विनाश: मुख्य मार्ग का फुटपाथ टूटा, राहगीर जान जोखिम में डालने को मजबूर, जिम्मेदार मौन
PALI SIROHI ONLINE
नटवर मेवाडा
पाली। सुमेरपूर विधान सभा क्षेत्र के सांडेराव बस स्टैंड पर विकास के नाम पर विनाश: मुख्य मार्ग का फुटपाथ टूटा, राहगीर जान जोखिम में डालने को मजबूर
सांडेराव बस स्टैंड के पास मुख्य सड़क पर फुटपाथ की बदहाली ग्रामीणों और यात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। विकास कार्यों या पाइपलाइन डालने के नाम पर यहाँ का पुराना फुटपाथ तो तोड़ दिया गया, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी नया फुटपाथ नहीं बनाया गया है।
सड़क पर चलने की मजबूरी, हादसों का डर
बस स्टैंड क्षेत्र होने के कारण यहाँ चौबीसों घंटे यात्रियों और वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। फुटपाथ टूटा होने के कारण यात्रियों को बस से उतरते ही मुख्य सड़क पर आना पड़ता है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए यहाँ से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क किनारे मलबा और गड्ढे होने की वजह से कई बार दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर चुके हैं।
धूल और कीचड़ से बढ़ी परेशानी
फुटपाथ के अभाव में किनारे की मिट्टी अब मुख्य सड़क पर आ रही है, जिससे हल्की बारिश में कीचड़ और सूखे मौसम में धूल के गुबार उड़ते हैं। बस स्टैंड के पास स्थित दुकानदारों का व्यापार भी इससे प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन को बार-बार अवगत कराने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सांडेराव बस स्टैंड के इस मुख्य मार्ग पर फुटपाथ का निर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ, तो वे सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
