रानी रेलवे स्टेशन पार्किंग विवाद: मारपीट के बाद सिरवी समाज का ज्ञापन, 4 दिन में गिरफ्तारी का अल्टीमेटम
PALI SIROHI ONLINE
रानी रेलवे स्टेशन पार्किंग विवाद: मारपीट के बाद सिरवी समाज का ज्ञापन, 4 दिन में गिरफ्तारी का अल्टीमेटम
नगराज वैष्णव
रानी रेलवे स्टेशन की पार्किंग को लेकर हुए मारपीट प्रकरण ने तूल पकड़ लिया है। यात्री को छोड़ने आए एक कार चालक के साथ हुई मारपीट के विरोध में सिरवी समाज ने सुरेश चौधरी के नेतृत्व में स्टेशन अध्यक्ष विजय सिंह शेखावत को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोपियों की चार दिन में गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई। समाज ने पार्किंग व्यवस्था में सुधार हेतु कई मांगें भी रखीं, जिनमें—
पार्किंग की स्पष्ट रेट लिस्ट लगाने
वाहन किराया (टैक्सी) के रेट सार्वजनिक करने
केवल छोड़ने/लेने आने वाले वाहनों से पार्किंग शुल्क नहीं लेने
पार्किंग कर्मियों द्वारा शराब सेवन पर रोक
स्टेशन परिसर में पुलिस चौकी स्थापित करने
महिला सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सीसीटीवी कैमरे लगाने
इस दौरान सुरेश चौधरी, नवरत्न चौधरी, घिसूलाल चौधरी, दिनेश जैन और हरीश गेहलोत ने सभा को संबोधित करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में समाज बंधु एवं सर्वधर्म के लोग मौजूद रहे।
मौके पर आबूरोड जीआरपी के हेड कांस्टेबल, फालना आरपीएफ थानेदार तथा स्टेशन मास्टर विजय सिंह शेखावत भी उपस्थित रहे।
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों—बधाराम, भानाराम भील, सुरेश भाट और दीपक कुमार—के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
वहीं, आमजन ने स्टेशन की वर्तमान पार्किंग व्यवस्था को हटाने की भी मांग उठाई है।

