कूरण ग्राम में आग से केलुपोस मकान जला, आग से अनाज व घरेलू सामान भी जलकर हुआ राख
PALI SIROHI ONLINE
पाली जिले के बाली उपखंड क्षेत्र के कूरण ग्राम में अचानक लगी भीषण आग से दो आदिवासी परिवारों के केलुपोस मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। घटना में भूराराम पुत्र डूगाराम गरासिया एवं दशरथ पुत्र डुगाराम गरासिया के मकान आग की चपेट में आ गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते दोनों मकान जलकर खाक हो गए। तेज हवाओं के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे घर में रखा अनाज, जेवरात एवं महत्वपूर्ण घरेलू दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भीमाणा पुलिस चौकी प्रभारी हीरसिंह चौहान एवं बीट प्रभारी कमलेश कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त प्रयासों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना के बाद दोनों परिवारों के सामने भारी नुकसान के चलते संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत एवं मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
