PALI SIROHI ONLINE
पाली-बुजुर्ग महिला से बैंक का रास्ता पूछने के बहाने बदमाश पहले उसे एक गली में ले गए। इसके बाद ज्वेलरी लेकर भाग निकले। घटना पाली शहर के कोतवाली थाना इलाके में प्रतिभा गर्ग हॉस्पिटल के पास 5 मार्च को हुई थी।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार- शहर के बजरंगबाड़ी इलाके में रहने वाले पिस्ता देवी पत्नी कैलाश ने रिपोर्ट दी है।
बैंक का पता पूछकर गली में ले गए
रिपोर्ट में पिस्ता देवी ने बताया- मैं 5 मार्च को दोपहर 3 बजे घर से बाजार जाने के लिए पैदल निकली थी। कुछ दूर जाने पर चेनजी हलवावाला की दुकान के करीब कब्रिस्तान की गली के पास पीछे से आ रहे एक युवक, एक महिला और लड़की ने मेरा रास्ता रोका।
युवक ने कहा- हम लोग बाहर से आए हैं। हमें बैंक जाना है। हमारे साथ चलकर हमें रास्ता बता दो। वहां से हम आपको टैक्सी में बैठा देंगे। मैं उनके भरोसे में आ गई।
गहने और रुपए लेकर कागज का बंडल थमाया
वे मुझे डॉ. प्रतिभा गर्ग हॉस्पिटल के पास गली में ले गए। इसके बाद गले में पहनी सोने की कंठी, कानों में पहने टोप्स और 3000 रुपए मुझसे ले लिए। फिर वे मुझे अंबेडकर सर्किल के पास ले आए।
वहां उन्होंने मुझे एक कागज का बंडल थमाया और कहा कि इसमें रुपए हैं। हम बैंक से और पैसा निकलवा कर ला रहे हैं। इसके बाद नाश्ता करके 15 मिनट बाद आपसे मिलेंगे। आप यहीं बैठी रहना।काफी देर तक वे लोग नहीं आए। तब सामने दुकान पर जाकर मैंने सारी बात बताई और उनके बारे में पूछा। तब एहसास हुआ कि वे लोग मुझे ठग कर मेरे रुपए और गहने लेकर भाग गए।
पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

