PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में लक्ष्मी माता मंदिर में चोरी करते समय श्रद्धालुओं ने चोर को पकड़ लिया। लोगों ने पुलिस को बुलाया और चोर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना जालोर शहर के पूरा मोहल्ला में सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। एक युवक मंदिर परिसर में पड़े लोहे के सरिए उठा कर ले जा रहा था। वह बार- बार मंदिर में छानबीन कर रहा था। लोगों ने संदिग्ध हरकत देख युवक को पकड़ कर पुलिस को सूचना दी।
लोग आरोपी युवक का जुलूस निकालते हुए जालोर के एसआर पेट्रोल पंप तक ले गए और पुलिस को बुलाया। आरोपी ने अपनी पहचान राहुल उर्फ हेमराज पुत्र शंकरलाल मेघवाल निवासी शांतिनगर कॉलोनी बताई।
एएसआई कालुराम ने बताया कि फिलहाल शांतिभंग के आरोप में आरोपी को पकड़ा है। रिपोर्ट दर्ज होने पर नियम के अनुसार आगे की जांच की जाएगी। हालांकि अभी तक किसी ने कोई रिपोर्ट नहीं दी हैं।
शिकायतकर्ता पन्नालाल ने बताया कि कॉलोनी में पहले भी मंदिर से मोटर व पाइप चोरी हुए हैं। पुलिस से मामले की जांच की मांग की है।

