PALI SIROHI ONLIME
रेवदर, सिरोही-रेवदर के मंडार में शनिवार को जिला स्तरीय पशु मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद रविवार को पशुपालन विभाग ने संयुक्त निदेशक डॉ. अमित कुमार (मेला अधिकारी) को एपीओ किया है।
विभाग के संयुक्त शासन सचिव दिनेश कुमार जांगिड़ ने रविवार को आदेश जारी किया। डॉ. अमित कुमार को एपीओ कर मुख्यालय पशुपालन विभाग निदेशालय, जयपुर किया है । इनका कार्यभार उप निदेशक डॉ. कामठे चांगदेव सोपान (उपनिदेशक पशुधन विभाग, सिरोही) को दिया गया है।
जिला स्तरीय पशु मेला शुरू से ही विवादों में रहा। पहले निमंत्रण पत्र में स्थानीय विधायक मोतीराम कोली का नाम नहीं था, जिसे बाद में जोड़ा गया। जब मेले का उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ तो उसमें आबू पिण्डवाड़ा विधायक समाराम गरासिया ने बैनर पर फोटो नहीं होने और स्वागत प्रोटोकॉल को लेकर नाराजगी दिखाकर कार्यक्रम बीच में छोड़ दिया और वहां से रवाना हो गए।विधायक ने कहा था- ना पशु, ना पशुपालक दिखे, ये कैसा मेला है
कार्यक्रम छोड़ रवाना होने के बाद विधायक समाराम गरासिया ने नाराजगी दिखाते हुए कहा था कि पशु मेले में ना पशु है, ना पशुपालक है, यह कैसा मेला है। उन्होंने मामले को लेकर सीएम और गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत से भी अधिकारियों की शिकायत करने को कहा था।
रेवदर विधायक ने भी लिखा था पत्र
पशु मेले में प्रोटोकॉल में लापरवाही और आमंत्रण पत्रिका में नाम नहीं होने को लेकर रेवदर विधायक मोतीराम कोली ने भी गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष और पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव को शिकायत कर अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की थी।
लोढ़ा बोले- सरकार में विधायक की तौहीन हुई
पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने पूरे मामले पर तंज कसते हुए विधायक का वीडियो लगाकर एक्स पर लिखा था कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में भाजपा विधायक की कार्यक्रम में इस तरह की तौहीन होना बेहद शर्मनाक बात हैं।
