PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-रेवदर के मंडार में आयोजित श्री लीलाधारी महादेव पशुमेले में रविवार को ऊंट नर और ऊंट मादा की अलग-अलग दौड़ प्रतियोगिताएं हुईं। इन प्रतियोगिताओं में ऊंट नर वर्ग में तीन और ऊंट मादा वर्ग में कुल 16 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
ऊंट नर प्रतियोगिता में उड़वारिया के उकाराम देवासी का ऊंट पहले, गोदाराम मकावल का ऊंट दूसरे और जोगाराम आमलिया का ऊंट तीसरे स्थान पर रहा।
ऊंट मादा वर्ग में गोकलाराम मंडार की ऊंटनी ने पहला, भूराराम भटाणा की ऊंटनी ने दूसरा और प्रभुराम भटाणा की ऊंटनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को मेले के समापन दिवस 11 मार्च को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।दूसरे दिन 224 ऊंट प्रदर्शित किए
जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले के दूसरे दिन कुल 224 ऊंट और ऊंटनी प्रदर्शित किए गए, जिनके लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
मेले का मुख्य उद्देश्य उत्कृष्ट पशु नस्लों के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है। साथ ही, पशुपालकों को उन्नत पशुपालन तकनीकों, टीकाकरण, रोग नियंत्रण और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
लोककला और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
मेले में गाय, भैंस, बकरी, भेड़, ऊंट और घोड़ों का प्रदर्शन एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। सोमवार को अश्व प्रतियोगिता होगी, जबकि मंगलवार को अन्य पशुओं की प्रतियोगिताओं के साथ ही रात्रि में कवि सम्मेलन, लोककला और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मेले में किसानों और पशुपालकों के लिए कृषि एवं पशुपालन विभाग द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर उन्नत नस्ल संवर्धन, पशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।इस मेले का लक्ष्य पारंपरिक और सांस्कृतिक गौरव को बनाए रखते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना भी है। जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग ने जिले के सभी पशुपालकों और आमजन से मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
