PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली जिले में अरंडी की पत्तियां खाने से 13 भेड़ों की मौत हो गई, जिससे पशुपालक को आर्थिक नुकसान हुआ। घटना रोहट तहसील के मुरड़िया गांव की है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी पशुपालक भंवरराम की भेड़ें रोजाना की तरह जंगल में चारा चरने गई थीं। इसी दौरान उन्होंने अरंडी के पौधों की पत्तियां खा ली, जिससे एक-एक कर उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और कुछ ही समय में 13 भेड़ों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पशुपालन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम किया। प्रारंभिक जांच में अरंडी की पत्तियां खाने से जहरीला असर होने की बात सामने आई है। भेड़ों की अचानक मौत से पशुपालक भंवरराम परेशान है। उसने बताया कि इन भेड़ों के सहारे ही उसके परिवार का गुजारा चलता था। एक साथ इतनी भेड़ों की मौत से उसे बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। विभाग ने मामले की रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

