PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-कांडला राजमार्ग पर रेवदर के पास दो ट्रकों की तेज रफ्तार के दौरान एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दिल्ली निवासी विशाल ग्रोवर और उसके साथी ऋषि सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। विशाल के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है।
जानकारी के अनुसार विशाल ग्रोवर (24) पुत्र रत्न ग्रोवर सिविल लाइन, दिल्ली का रहने वाला है। वह अपने साथी ऋषि सिंह के साथ बाइक पर दिल्ली से द्वारका जा रहा था। रेवदर के पास पहुंचने पर दो ट्रक आपस में आगे निकलने की होड़ में थे, तभी एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर दूर तक घिसटती चली गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार विशाल ग्रोवर का बायां पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया। ऋषि सिंह के बाएं हाथ के पंजे में भी फ्रैक्चर आया है। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रेवदर पहुंचाया।
विशाल की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां, उसके बाएं पैर में गंभीर फ्रैक्चर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजन विशाल को लेकर दिल्ली रवाना हो गए।
