PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर के गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने पंजाब और राजस्थान निर्मित 5 करोड़ रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। कंटेनर में सोयाबीन के कट्टों की आड़ में अवैध शराब के 1203 कर्टन रखे मिले। पुलिस ने कंटेनर जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ये शराब तस्करी कर गुजरात ले जाई जा रही थी।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने कहा- आरोपी ड्राइवर गोपाल सिंह, पुत्र छोग सिंह, निवासी धोरा राजवा, ब्यावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह चारण मामले की जांच कर रहे हैं।
सोयाबीन के कट्टों की आड़ में रखी थी अवैध शराब
एसपी गोयल ने बताया कि 5 मार्च को थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक कंटेनर डाकन कोटड़ा से काया हाईवे होते हुए गुजरात की तरफ जाएगा। सूचना पर पुलिस टीम ने काया पुलिया पर नाकाबंदी की। इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिये का एक कंटेनर ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकवाया।
ड्राइवर से नाम-पता पूछा। वाहन में भरे माल के बारे में पूछा तो वह आना-कानी करने लगा। पुलिस ने वाहन चेक किया तो ट्रक में सोयाबीन के कट्टों की आड़ में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के कुल 1203 कर्टन भरे होना पाया गया। ड्राइवर के पास शराब परिवहन करने और अपने कब्जे में रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस नहीं था। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त करते हुए ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।

