PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू-माउंट आबू के देलवाड़ा स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगने के समय सुलभ कॉम्प्लेक्स में कोई कर्मचारी या यात्री मौजूद नहीं था, जिससे कोई गंभीर हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर पालिका की FRT (फायर रिस्पांस टीम) को इसकी सूचना दी। हालांकि, FRT टीम को मौके पर पहुंचने में कुछ समय लगा।
FRT टीम के इंचार्ज सूजाराम ने बताया कि आग लगने की यह घटना मीटर जलने के कारण हुई थी। जब उनसे पूछा गया कि क्या शहर में ऐसी संभावित जगहों की नियमित जांच नहीं की जा सकती, ताकि शॉर्ट सर्किट की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, तो उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।
गौरतलब है कि नगर पालिका ने आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और नियमित जांच के लिए FRT व अन्य टीमों का गठन किया हुआ है। इन टीमों का कार्य संभावित स्थानों की जांच करना, शॉर्ट सर्किट के जोखिम वाले स्थानों पर पेड़ों की टहनियों की छंटनी करना और ज्वलनशील वस्तुओं की नियमित जांच सुनिश्चित करना है। इस घटना में माउंट आबू में कोई बड़ी अनहोनी होने से बच गई।
