PALI SIROHI ONLINE
वराडा (सिरोही-सिरोही जिले के वराडा स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में ढुंढोत्सव के दूसरे दिन पारंपरिक गैर नृत्य का आयोजन किया गया। इस दौरान ढोल की थाप पर गैरियों के कदम थिरक उठे, जिससे पूरा मंदिर प्रांगण भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया।
परंपरा के अनुसार, गांववासियों ने डोलिया रखकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद ग्रामीणों सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में एकत्रित हुए। दिनभर मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ लगी रही।
गैर नृत्य के दौरान गैरियों ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक भाग लिया और मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। ढोल की गूंज और हनुमान जी के जयकारों से वातावरण गूंजायमान हो उठा।
श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस आयोजन के दौरान पूरे गांव में हर्षोल्लास, आपसी प्रेम और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।

