PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखंड के चामुंडेरी ग्राम में आगामी शीतला सप्तमी महोत्सव को लेकर ग्राम पंचायत द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गांव की गली-मोहल्लों, मुख्य सड़कों एवं नालियों की व्यापक साफ-सफाई की जाएगी, जिससे महोत्सव से पहले पूरे गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
यह स्वच्छता अभियान ग्राम पंचायत चामुंडेरी के सरपंच जसवंत राज मेवाड़ा एवं ग्राम विकास अधिकारी मोहनलाल के निर्देशन में शुरू किया गया। अभियान में सफाई कर्मियों सहित ग्रामीणों ने भी भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान एकत्रित प्लास्टिक कचरे को अलग से संग्रहित कर उसे मौके पर ही नष्ट किया गया, ताकि गांव में स्वच्छ वातावरण बना रहे और प्रदूषण कम किया जा सके। ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों से महोत्सव के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक उपयोग कम करने की अपील भी की।

