PALI SIROHI ONLINE
चामुंडेरी ग्राम में श्री मारू कुमावत परमार समाज का होली महोत्सव, रंगारंग कार्यक्रम में झलकी संस्कृति और सामाजिक एकता।
बाली उपखंड के चामुंडेरी ग्राम में श्री मारू कुमावत परमार समाज द्वारा होली महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए होली पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता के संदेश के साथ मनाया। आयोजन स्थल को आकर्षक सजावट से सजाया गया, जहां देर शाम तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर चलता रहा।
समाज के युवा कैलाश प्रजापत ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न नृत्य कलाकारों के साथ समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने होली गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली। बच्चों और युवाओं की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने, फिजूल खर्ची पर रोक लगाने तथा नशा मुक्ति अभियान को मजबूत बनाने का सामूहिक संदेश दिया गया। साथ ही समाज के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प भी लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज की प्रगति का सबसे बड़ा माध्यम है और नई पीढ़ी को सही दिशा देना सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, माताएं-बहनें, युवा वर्ग एवं दूर-दराज से आए रिश्तेदार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, उल्लास और सामाजिक सौहार्द का माहौल बना रहा। अंत में समाज के पदाधिकारियों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर करते रहने का संकल्प लिया।
https://www.instagram.com/reel/DVcuVH0k2Hq/?igsh=dXJjaXpzZnhpYXhq
वीडियो


