PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में 18 महीने पहले हुए गणपत सिंह हत्या कांड के खुलासे की मांग को लेकर 80 साल की मां और 65 साल की पत्नी पिछले 5 दिन से भूख हड़ताल पर कलेक्ट्रेट के सामने बैठी हैं।
मां हवा कंवर ने कहा- मेरे हाथ से मेरा बेटा गया अब कुछ नहीं बचा, सरकार भी पता नहीं क्या कर रही है। सरकार चाहे तो सुबह पूरा हत्याकांड खोल सकती है। सब सरकार के हाथ में है। सरकार को बुजुर्ग महिला का भी कोई ख्याल नहीं हैं।
बार-बार धरना दे रही बुजुर्ग मां
18 महीने पहले रामसीन थाना क्षेत्र के मांडोली में गणपत सिंह की हत्या हुई थी। उसके बाद परिजनों ने कई बार जालोर जिला कलेक्ट्रेट व रामसीन थाने के सामने धरना प्रदर्शन किया और पत्नी ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर न्याय की मांग भी की थी।
कोई खुलासा नहीं हुआ तो 2 माह पहले जिला कलेक्ट्रेट के सामने 80 की मां समेत पत्नी, 2 भाभी व 1 भाई, 9 दिन तक भूख हड़ताल पर बैठे थे।
उसके बाद प्रशासन व सांसद ने जल्द हत्या का खुलासा करने का आश्वासन दिया था। जिस पर परिजनों ने एक माह में खुलासा करने की चेतावनी देकर भूख हड़ताल समाप्त कर धरना स्थगित किया था।
उसके बाद भी खुलासा नहीं हुआ तो फिर 27 फरवरी से फिर मृतक की 80 की मां व उसकी 65 साल की पत्नी जिला कलेक्ट्रेट के सामने कफन लेकर धरने पर बैठ गई।

