PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखंड के चामुंडेरी ग्राम में इस वर्ष होलिका दहन का आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल बनकर सामने आया। ग्राम की होली जहां पहले से ही ऐतिहासिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध रही है, वहीं इस बार गांव में विभिन्न समाजों द्वारा आपसी सद्भाव का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
ग्राम में जाति भेदभाव से ऊपर उठते हुए मीणा समाज एवं राजपूत समाज के तथा देवासी समाज की सैलानी रेवड़ियों ने एक ही स्थान पर अलग-अलग होलियां जलाकर विधि-विधान से होलिका दहन किया। इस आयोजन के माध्यम से समाजों ने एकता, समानता और आपसी भाईचारे का मजबूत संदेश दिया, जिसकी ग्रामीणों सहित आसपास के क्षेत्रों में भी सराहना हो रही है।
कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चामुंडेरी सरपंच जसवंत राज मेवाड़ा ने तीनों समाजों की पहल को 36 कौम के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
ग्रामवासियों ने भी इस पहल को गांव की गौरवशाली परंपरा बताते हुए भविष्य में भी इसी तरह मिलजुलकर त्योहार मनाने का संकल्प लिया। चामुंडेरी की यह पहल क्षेत्र में सामाजिक एकता की मिसाल बनती नजर आ रही है।
