PALI SIROHI ONLINE
चामुंडेरी में होली पर्व की तैयारियां पूर्ण, शुभ मुहूर्त में होगा होलिका दहन, बाली उपखंड के चामुंडेरी ग्राम में रंगों के पावन पर्व होली को धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। होलिका दहन से पूर्व आज गांव की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार होली स्थल पर पहुंचकर विधिवत ठंडी होली का पूजन किया तथा परिवार एवं गांव की सुख-समृद्धि की कामना की।
जुझार बावजी के उपासक शैतान सिंह मेंफावत ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज सेवी मागू सिंह मेफावत के नेतृत्व में चामुंडेरी ग्राम में होलिका दहन का शुभ मुहूर्त शाम 6:22 बजे से रात 8:53 बजे के मध्य निर्धारित किया गया है। मान्यता के अनुसार शुभ मुहूर्त में होलिका दहन करना अत्यंत लाभदायक माना जाता है। पंडितों द्वारा निकाला गया इस वर्ष का मुहूर्त सर्वश्रेष्ठ बताया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
धूलंडी पर रंगों की बौछार और ढूंढोत्सव का आयोजन
होलिका दहन के दूसरे दिन ग्रामीण अंचल में धूलंडी का पर्व रंगों के उत्सव के रूप में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान गांव में पारंपरिक ढूंढोत्सव का भी आयोजन होगा, जिसमें ग्रामीण आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश देते हुए उत्सव में भाग लेंगे।
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न करवाने के लिए पाली जिला पुलिस अधीक्षक आदर्श सिंधु, बाली अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चैन सिंह महेचा तथा सुमेरपुर सीओ जितेंद्र सिंह के निर्देशन में नाना थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा द्वारा यातायात एवं शांति व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए सभी व्यवस्थाएं सुचारु कर दी गई हैं।

