PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही सारणेश्वर रोड स्थित दुधिया तालाब के सामने श्री माजीसा धाम में होली पर्व के उपलक्ष्य में आगामी 1 व 2 मार्च 2026 को दो दिवसीय पारंपरिक गेर नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम मठ के मठाधीश माता स्वरूपा भारती के मुख्य आतिथ्य में होगा। मठाधीश भारती महाराज ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक एकता और हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है।
फाल्गुन की मस्ती के बीच ढोल-थाली और मांदल की थाप पर युवा व बुजुर्ग अपनी पारंपरिक वेशभूषा में लाठियों के साथ गेर नृत्य की जीवंत प्रस्तुति देंगे। विशेष रूप से ‘लाल अंगरखी’ पहनकर नृत्य करते गेरिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मुख्य आकर्षण जालोर से आने वाला विशेष गेर दल होगा। व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में रणछोड़ पुरोहित, लालराम कुम्हार, महेंद्रसिंह सांचौर, जोगाराम, दिनेश कुमार, जितेंद्र आर्य और मंगल सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। मठाधीश स्वरूपा भारती ने समस्त श्रद्धालुओं से इस उत्सव में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
