PALI SIROHI ONLINE
नगराज वैष्णव
रानी के बिजोवा ग्राम में सार्वजनिक शौचालय पर अतिक्रमण का प्रयास
रानी। ग्राम पंचायत बिजोवा क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय पर अतिक्रमण के प्रयास का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत की ओर से इस संबंध में पूर्व में ही प्रशासन को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बिजोवा की सरपंच भंवरी देवी देवासी द्वारा 27 फरवरी 2026 को विकास अधिकारी, रानी को पत्र भेजकर अवगत कराया गया था कि गांव के बस स्टैंड के पास पंचायत द्वारा पूर्व में बनाए गए सार्वजनिक शौचालय की भूमि पर एक पक्ष द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। पत्र में उल्लेख किया गया कि उक्त स्थान पर तोड़फोड़ कर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है तथा समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी।
शुक्रवार को जेसीबी मशीन एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा तोड़फोड़ किए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय निवासी हरीश देवासी और मोहन सोलंकी ने आरोप लगाया कि एम के शाह के लोगों द्वारा कई दिनों से सार्वजनिक मूत्रालय को तोड़कर अतिक्रमण करने की नियत से गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। उन्होंने प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पंचायत समिति सदस्य तेजाराम चौधरी ने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करना नियम विरुद्ध है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखने की मांग की।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

