PALI SIROHI ONLINE
सेवाडी नर्सरी में पंच गौरव योजना के तहत नीम संरक्षण पर कार्यशाला आयोजित
क्षेत्रीय वन अधिकारी रेंज बाली, वनमंडल पाली द्वारा उपवन संरक्षक कस्तूरी प्रशांत सुले के आदेशानुसार शुक्रवार को पाली जिले की ‘पंच गौरव योजना’ के अंतर्गत चयनित प्रमुख वनस्पति नीम के संरक्षण, सुरक्षा एवं विकास के उद्देश्य से सेवाड़ी स्थित वन विभाग नर्सरी में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में नीम वृक्ष की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
सहायक वन संरक्षक ऋषिराज सिंह बालोत एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी महेन्द्र सिंह ने उपस्थित विद्यार्थियों व ग्रामीणों को नीम के औषधीय गुणों, पौधरोपण की वैज्ञानिक विधि तथा पौधों को रोगों से बचाने के उपायों की जानकारी दी। पूर्व सरपंच लालाराम चौधरी ने दैनिक जीवन में नीम की पत्तियों के महत्व को बताते हुए बच्चों को इसके संरक्षण के लिए प्रेरित किया। आदर्श शिक्षा संस्था के प्रधानाचार्य शालूराम देवासी ने विद्यार्थियों को अपने जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर नीम के पौधे लगाने का संदेश दिया।
ग्राम पंचायत सेवाड़ी के कनिष्ठ सहायक भरत ओझा ने पंचायत द्वारा संचालित वृक्षारोपण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक फलदार एवं छायादार पौधे लगाने का आह्वान किया। समाज कल्याण अधिकारी जितेन्द्र सिंह ने भारतीय संस्कृति में प्रचलित अवधारणा ‘नीम ही नारायण’ का उल्लेख करते हुए इसके धार्मिक व पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला।
निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यशाला के दौरान आदर्श विद्या मंदिर एवं समाज कल्याण विभाग में आवासित विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण संरक्षण एवं नीम की उपयोगिता विषय पर पेंटिंग व ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में लक्षिता मेवाड़ा ने प्रथम, ललित देवासी ने द्वितीय तथा श्रवण मीणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को वन विभाग द्वारा सम्मानित किया गया।
पौधरोपण कर संरक्षण का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने सेवाड़ी नर्सरी में नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा आगामी मानसून में अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नर्सरी प्रभारी रीना कुंवर, नरेंद्र सिंह, राजू सिंह, सुरेंद्र सिंह, नर्मदा कुमारी, दिलीप सिंह, तलसाराम, जितेन्द्र भाटी, दिनेश कुमार, मुलाराम, योगिता सोमपुरा, कामाक्षी, सूचना सहायक सूर्यप्रकाश सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में नर्सरी प्रभारी रीना कुंवर ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

