PALI SIROHI ONLINE
बीकानेर-बीकानेर में 8वीं बोर्ड की परीक्षा देने जा रही 13 वर्षीय छात्रा की रेप के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने छात्रा का पीछा कर उसे रास्ते में पकड़ा और चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने लड़की के मुंह में मिट्टी भी भर दी थी।
वारदात के बाद अपने घर चला गया। पुलिस को गुमराह करने के लिए शव मिलने के बाद ग्रामीणों व परिजनों के साथ एक दिन धरने पर भी बैठा रहा।इधर, घटना के चौथे दिन मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे धरने पर बैठे ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन के बीच सहमति बनने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
SP कावेंद्र सिंह सागर ने बताया 21 फरवरी को छात्रा दोपहर 12:15 अपने घर से 8वीं बोर्ड की परीक्षा देने जा रही थी। करीब 1:46 बजे स्कूल प्रशासन ने परिजनों को बताया कि छात्रा स्कूल नहीं पहुंची है। इसके बाद हम लोगों ने तलाश शुरू कर दी।
थोड़ी दूर पहुंचे तो बच्ची का शव अर्द्धनग्न हाल में पड़ा था। जांच में सामने आया कि छात्रा जब एग्जाम देने जा रही थी तो नहर किनारे एक पशु मरा हुआ था। ऐसे में वहां काफी संख्या में आवारा कुत्ते थे। इन कुत्तों से बचने के लिए लड़की नहर के दूसरी तरफ से निकली थी।
वहीं रास्ते में आरोपी मिला। वह लड़की को जान से मारने की धमकी देते हुए उसे सूनसान जगह ले गया। धमकाते हुए कहा कि मैं जो चाहूं, वो करने दें, नहीं तो जान से मान दूंगा। इसके बाद लड़की के साथ दरिंदगी की। इस दौरान मासूम बेहोश हो गई।
रेप करने वाला युवक उसे छोड़कर निकलने लगा, लेकिन उसे बेहोश देखकर डर गया कि होश में आने पर सभी को बता देगी। इससे डरकर उसने चुन्नी से छात्रा का गला घोंटकर हत्या कर दी। जब मौके पर भीड़ पहुंची तो दरिंदा भी वहां पहुंच गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि हुई
पुलिस के अनुसार- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रेप होने की पुष्टि हुई है। आरोपी ने लड़की के मुंह में मिट्टी भी भर दी थी। गले में चुन्नी इतनी कसकर बांधी कि उसका दम घुट गया। लड़की ने खुद अपने हाथ से भी चुन्नी खोलने की कोशिश की, लेकिन नहीं खुली। उसके खुद के नाखून गले पर देखे गए थे।
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग
SP कावेंद्र सिंह सागर ने बताया- जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी में 21 फरवरी की सुबह करीब 12:15 बजे एक युवक जाते हुए दिखाई दिया। दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच लौटता हुआ नजर आया।
शक के आधार पर पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो युवक ने खेत में काम से जाने की बात कही। घटनास्थल और खेत की दूरी का अनुमान लगाया गया। आरोपी के बताए काम व दूरी के मुताबिक वह कुछ ही मिनटों में वापस आ सकता था, लेकिन वह काफी देर बाद लौटा।
वारदात के बाद ग्रामीणों के साथ धरने में बैठा रहा आरोपी
वारदात के बाद आरोपी घटना स्थल पर ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठा रहा। अगले दिन 22 फरवरी को समझाइश कर बॉडी को हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया था। संदिग्ध युवक को दो दिन की पूछताछ के बाद सोमवार को डिटेन किया गया। सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसने वारदात करना कबूल कर लिया।
सहमति के बाद धरना खत्म, शव का हुआ पोस्टमॉर्टम
घटना के चौथे दिन मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे धरने पर बैठे ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन में सहमति बनी। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। उपखंड प्रशासन स्तर पर परिजनों को लिखित में मांगों को लेकर आश्वासन दिया गया है।
5 लाख रुपए पीड़ित प्रतिकर योजना, 5 लाख रुपए मुख्यमंत्री सहायता कोष और परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दिलवाने की बात कही है। वहीं मुआवजे के रूप में एक करोड़ रुपए का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा जाएगा।

