PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही -आबू रोड के निकट ग्राम पंचायत ओर में श्मशान घाट की भूमि पर अतिक्रमण और खुदाई के दौरान मानव अवशेष मिलने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
श्मशान घाट, सरकारी और समाज की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप
ज्ञापन में बताया गया कि ओर गांव में मेघवाल, मीणा और तूरी भाट समाज का श्मशान घाट करीब 500 साल पुराना है। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इस श्मशान घाट की भूमि और उससे सटी अन्य सरकारी व समाज की भूमि पर जबरन अतिक्रमण किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, अतिक्रमणकारियों द्वारा की गई खुदाई से मृत व्यक्तियों के दाह संस्कार के बाद की मानव अस्थियां (अवशेष) बाहर निकल आई हैं। इस घटना से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से श्मशान घाट की भूमि का सीमा ज्ञान कराने, वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने, अवैध अतिक्रमण को हटाकर उचित कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान करने का आग्रह किया है।

