PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-रेवदर के करोटी में बिना वैध पंजीकरण संचालित किए जा रहे कृष्णा हॉस्पिटल एवं सोनोग्राफी सेंटर पर चिकित्सा विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी के निर्देश पर की गई।
जानकारी अनुसार, सोमवार रात कार्यवाहक बीसीएमओ डॉ. मुकेश मीणा मय टीम आबूरोड-करोटी मार्ग पर संचालित अस्पताल पहुंचे और औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन से पंजीकरण एवं संचालन संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई वैध पंजीकरण प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका।निरीक्षण में पाया गया कि अस्पताल एवं सोनोग्राफी सेंटर बिना आवश्यक अनुमति और नियमों के खिलाफ संचालित किया जा रहा था। दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर चिकित्सा विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सीज कर दिया। मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर अस्पताल परिसर को बंद कर दिया गया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि मामले की विस्तृत जांच अब जिला कलेक्टर द्वारा गठित उपखंड स्तरीय टीम करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। चिकित्सा विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित और वैध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

