PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर बसे भावनगर गांव (गुड़ा एंदला) में रविवार को ऐसा मंजर दिखा, जिसे देख हर आंख नम हो गई। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों की अर्थियां एक साथ उठीं। अंतिम संस्कार के लिए मां और 3 साल के बेटे को एक अर्थी पर ले जाया गया। अर्थियां एक साथ गांव की गलियों से निकलीं तो पूरा माहौल गमगीन हो गया। परिजन बिलखते रहे और ग्रामीणों की आंखों से भी आंसू छलक पड़े।
शादी में शामिल होकर लौट रहे थे, हाईवे पर पलटी वैन
जानकारी के अनुसार, भावनगर (गुड़ा एंदला) हाल अहमदाबाद निवासी रामलाल कुमावत अपने भांजे विकास (पुत्र भंवरलाल कुमावत) की शादी में शामिल होने परिवार सहित पाली जिले के मणिहारी गांव आए थे।
शुक्रवार 20 फरवरी को बंदोली कार्यक्रम में भाग लेने के बाद परिवार रात करीब 2 बजे वैन से अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ।
शनिवार 21 फरवरी सुबह गुजरात के ऊंझा-मेहसाणा हाईवे पर उनाव गांव के पास उनकी वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।
हादसे में जिन पांच लोगों की मौत हुई, उनमें एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां शामिल थीं।
रामलाल कुमावत (50), उनकी बेटी कोमल (30), बेटा कैलाश (25), मां मथुरादेवी (70), 3 वर्षीय नाती आयुष (कोमल का बेटा) की मौत हो गई।
रामलाल अहमदाबाद में जनरल स्टोर चलाते थे और परिवार सहित वहीं रहते थे। शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं।
हादसे में घायल हुए छह लोगों का इलाज गुजरात के अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टर्स के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया था।
एक साथ उठीं पांच अर्थियां
परिवार की पांच अर्थियां एक साथ गांव की गलियों से निकलीं तो पूरा माहौल गमगीन हो गया। परिजन बिलखते रहे और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
