PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल। भीनमाल में तेज रफ्तार सीमेंट मिक्सर वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। हादसा करड़ा चार रास्ता के पास शनिवार रात को हुआ।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान नरेश कुमार (30) पुत्र मोहनलाल विश्नोई निवासी धमाणा का गोलिया, हाल क्षेमंकरी माता मंदिर के आगे, भीनमाल के रूप में हुई है। नरेश कुमार बाइक पर शहर की ओर आ रहा था, तभी करड़ा चार रास्ता के पास मिक्सर वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर घायल नरेश को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पांच बहनों का इकलौता भाई था नरेश नरेश कुमार मूलतः सांचौर क्षेत्र के धमाणा का गोलिया गांव का निवासी था। करीब 30 साल पहले उसका परिवार भीनमाल में आकर बस गया था। वह पांच बहनों का इकलौता भाई था। छह वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसकी दो छोटी बेटियां हैं। परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।
मुंबई में जीजा के साथ काम करता था
परिजनों के अनुसार नरेश मुंबई में अपने जीजा के साथ काम करता था। वह एक दिन पहले ही घर आया था और रविवार को वापस मुंबई जाने वाला था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। माता-पिता ने अपने इकलौते पुत्र को खो दिया, वहीं दो मासूम बालिकाओं के सिर से पिता का साया उठ गया।

