PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर-बांदीकुई रेलखंड पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण कार्य के कारण रविवार, 22 फरवरी को रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस तकनीकी कार्य के चलते जोधपुर से वाराणसी सिटी के बीच चलने वाली मरुधर एक्सप्रेस के समय में बदलाव किया गया है। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से ढाई घंटे की देरी से संचालित होगी।
जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जयपुर मंडल के झर-जटवाड़ा स्टेशनों के बीच स्थित समपार फाटक संख्या 190 और 199 पर आरयूबी का निर्माण कार्य किया जाना है। इस निर्माण कार्य के लिए रेलवे द्वारा रविवार को ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
इस ब्लॉक के कारण मुख्य रूप से मरुधर एक्सप्रेस का एक ट्रिप प्रभावित होगा। इसके तहत ट्रेन संख्या 14864, जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह 8:35 बजे की बजाय नए संशोधित समय सुबह 11:05 बजे रवाना होगी।
डीआरएम त्रिपाठी ने बताया कि तकनीकी और सुरक्षा कारणों से समय में यह बदलाव अपरिहार्य है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें

