PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर -जोधपुर में 2 दुल्हनों की शादी के दिन मौत हो गई। सगी बहनों की आज ही शादी होने वाली थी। रात करीब 12 बजे वे अपने कमरे में सोने चली गईं। सुबह 4 बजे के उनकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उन्हें जोधपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने दोनों बहनों को मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, सूचना पर पुलिस पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवा दिया।
मामला सूरसागर थाना क्षेत्र के मणाई गांव का है। ADCP पश्चिम रोशन मीणा ने बताया- मणाई गांव के रहने वाले दीपसिंह की बेटियां शोभा सिंह (25) और विमला सिंह (23) की मौत हुई है। दोनों की शादी तय थी और आज ही बारात आने वाली थी। दोनों बहनें निजी स्कूल में पढ़ाती थीं।
सुबह 4 बजे दोनों की तबीयत बिगड़ी
ADCP मीणा ने बताया- शादी वाले घर में शुक्रवार देर रात तक बिंदौली कार्यक्रम चला। रात करीब 12 बजे वे दोनों दुल्हनें अपने कमरे में सोने चली गईं। सुबह 4 बजे के आसपास उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद परिजन उन्हें जोधपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल में पहुंचने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया, जिसके बाद परिजन शवों को घर ले आए।
अंतिम संस्कार को पुलिस ने रुकवाया
घटना की जानकारी दोनों दुल्हनों की मां ने करीब 5 बजे अपने भाई जसवंत सिंह को दी। जसवंत सिंह ने अन्य रिश्तेदारों और पुलिस को सूचित किया। सुबह 6 बजे पुलिस मणाई गांव पहुंची। गांव में परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, जिसे पुलिस ने रुकवाया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएच मॉर्च्यूरी में भिजवाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
जीजा के छोटे भाई की वजह से भांजियों ने जान दी
मामा जसवंत सिंह ने कहा- जीजा दीप सिंह के भाइयों के दबाव में दोनों भांजियों की शादी पहले भीनमाल में तय थी। वह तोड़कर पोकरण के जेमला गांव कर दी गई थी। हमें हमारी बहन के पास नहीं आने देते थे। 4 दिन पहले, बहन और जीजा शादी का कार्ड देने घर आए थे। जसवंत सिंह ने आरोप लगाया कि दीप सिंह के छोटे भाई की वजह से दोनों भांजियों ने अपनी जान दे दी।

