PALI SIROHI ONLINE
जोजावर में चिकित्सा विभाग के खाद्य सुरक्षा टीम की कारवाई, जोजावर में कंकड़-कचरा मिलाकर बन रहा था आटा, सरकारी गेहूं की काला बाजारी का भंडाफोड़, 1800 किलो आटा और कनक फूड यूनिट सीज
जोजावर(पाली), 21 फरवरी 2026/
मुख्यमंत्री के शुद्ध आहार, मिलावट पर वार अभियान के तहत शनिवार को पाली जिले के जोजावर कस्बे में चिकित्सा विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने एक ऐसी फैक्ट्री को सीज किया है, जहाँ स्वच्छता और नियमों को ताक पर रखकर लोगों की सेहत से सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा था। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर टी. शुभमंगला के निर्देशों पर पाली सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल की टीम ने ‘कनक फूड प्रोसेस यूनिट’ पर धावा बोलकर इस काले कारोबार का पर्दाफाश किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र शर्मा और दिलीप सिंह यादव की टीम ने मौके पर जो देखा, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था, कंकड़-कचरे की पिसाई, फर्श पर बिखरा हुआ कचरा, धूल और कंकड़-पत्थर गेहूं के साथ मशीन में पीसे जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि भारतीय खाद्य निगम की गेहूं की बोरियां यहाँ अवैध रूप से पहुंचाई गई थी, जिनसे ‘श्री कृष्णा’ ब्रांड का आटा तैयार हो रहा था। इतना ही पूरी फैक्ट्री में चारों ओर गंदगी और मकड़ी के झाले लटके मिले। ऐसी अस्वास्थ्यकर स्थिति में बना आटा सीधे बीमारियों को न्योता दे रहा था। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री मै काम करने वाले लेबर का कोई मेडिकल टेस्ट नहीं कराया गया था। टीम ने मौके पर तैयार 1800 किलो आटा सीज कर दिया है और पूरी फैक्ट्री पर ताला जड़कर उसे सीज कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने गेहूं और आटे के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
इधर, सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने स्पष्ट कहा है कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
