PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
आबूरोड, सिरोही-करीब तीन महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई एक विवाहिता की मौत के मामले में हत्या का मामला अब पुलिस ने दर्ज किया है। परिवारीजनों का आरोप है कि विवाहिता की मौत के बाद भी स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते उन्हें एसपी ऑफिस का रुख करना पड़ा।
परिजनों के अनुसार, विवाहिता की शादी करीब छह साल पहले रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शुरुआती कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष की ओर से उस पर चरित्र को लेकर संदेह किया जाने लगा। इसी बात को लेकर उसके साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। परिजनों ने कई बार समझाइश भी की, लेकिन हालात नहीं बदले।
घटना वाले दिन परिजनों को सूचना मिली कि विवाहिता की मौत हो गई है। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि मृतका के गले पर नाखून के निशान थे और लोहे का बक्सा टूटा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने पहले स्थानीय थाने में रिपोर्ट दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार, उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद करीब तीन महीने बाद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

