PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
जोधपुर-जोधपुर को देश की राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाली प्रमुख ट्रेन मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में रेलवे प्रशासन ने बड़े बदलाव का निर्णय लिया है। आगामी 1 मई से इस ट्रेन में यात्रियों के खानपान की सुविधा के लिए पेंट्रीकार जोड़ी जाएगी। इसके साथ ही, ट्रेन के पुराने संचालन नंबरों को बदलकर नए नंबरों के साथ संचालित किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, ट्रेन संख्या 22995/22996 को बदलकर अब 22491/22492 किया गया है। संचालन की मुख्य तारीखें इस प्रकार हैं:
जोधपुर से: 1
मई से ट्रेन नए नंबर 22491 के रूप में चलेगी।
दिल्ली से: 2 मई से ट्रेन नए नंबर 22492 के रूप में
संचालित होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि 1 मई से यात्रा के लिए आरक्षण कराते समय नए ट्रेन नंबर का ही उपयोग करें, ताकि टिकट बुकिंग में कोई त्रुटि न हो।
अब ट्रेन में ही मिलेगा ताजा खाना
सीपीआरओ के अनुसार रेलवे के इस निर्णय से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी। अब तक मंडोर एक्सप्रेस में भोजन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों को स्टेशनों पर उपलब्ध खाद्य सामग्री या निजी विक्रेताओं पर निर्भर रहना पड़ता था। पेंट्रीकार शुरू होने से यात्रियों को अधिकृत स्टाफ द्वारा ताजा, स्वच्छ और मानक गुणवत्ता का भोजन कोच में ही उपलब्ध हो सकेगा। इससे विशेष रूप से परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों को काफी सुविधा होगी।
22 डिब्बों के साथ नई कोच संरचना
यात्रियों की सुविधा और विभिन्न श्रेणियों के बीच संतुलन बनाने के लिए ट्रेन के डिब्बों के ढांचे में भी सुधार किया गया है। संशोधित व्यवस्था के अनुसार अब ट्रेन कुल 22 डिब्बों के साथ चलेगी, जिसमें शामिल हैं:
एसी श्रेणी: 1 फर्स्ट एसी सह सेकंड एसी, 2 सेकंड एसी और 6 थर्ड एसी कोच।
स्लीपर व जनरलः 6 द्वितीय शयनयान (स्लीपर) और 4 सामान्य श्रेणी के डिब्बे।
अन्यः 1 पेंट्रीकार, 1 पावरकार और 1 गार्ड डिब्बा।

