PALI SIROHI ONLINE
रानीवाड़ा। जालौर जिले के रानीवाड़ा क्षेत्र के राजस्व ग्राम पंसेरी में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 9.40 हेक्टेयर (करीब 59 बीघा) वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई उप वन संरक्षक जयदेव सिंह चारण के निर्देशन और क्षेत्रीय वन अधिकारी कृष्ण कुमार परमार के नेतृत्व में की गई।
खड़ी फसलें नष्ट
यह अभियान राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज एक शिकायत के बाद शुरू हुआ। प्रारंभिक शिकायत हालांकि एक खसरे तक सीमित थी, लेकिन मौके पर जांच के दौरान वन विभाग की टीम ने पूरे पंसेरी राजस्व ग्राम में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान अन्य खसरों में भी हो रहे अतिक्रमणों को चिन्हित कर हटाया गया। अतिक्रमण वाले क्षेत्रों में खड़ी फसलों को भी नष्ट किया गया।
वन विभाग ने 18 और 19 फरवरी 2026 को एक विशेष दल गठित कर यह दो दिवसीय कार्रवाई की। अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने के साथ-साथ पक्के निर्माणों को भी चिन्हित किया गया। कार्रवाई का दस्तावेजीकरण जीपीएस फोटोग्राफी के माध्यम से किया गया और पालन रिपोर्ट तैयार की गई।
इस कार्रवाई में विभाग द्वारा गठित दल में नाका प्रभारी प्रभुराम (दल प्रभारी), सहायक वनपाल ओमप्रकाश (सहायक दल प्रभारी), वनरक्षक रजाक खान, सुमेरा राम, शैलेन्द्र सिंह और श्रवणी कुमारी शामिल थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

