PALI SIROHI ONLINE
*300 करोड़ रुपये से होगा प्रदेश के 200 बांधों और तालाबों का जीर्णोद्धार*
*– जल संसाधन मंत्री*
जयपुर, 18 फरवरी। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल की पहल पर प्रदेश के जीर्ण-शीर्ण अवस्था के बांधों और तालाबों के जीर्णोंद्धार के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 में प्रथम चरण में लगभग 200 बांधों और तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जल संसाधन मंत्री श्री रावत प्रश्नकाल के दौरान सदस्य घनश्याम द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि टोडाभीम के बिशन समंद बांध एवं नहर का निर्माण कार्य वर्ष 2027 तक पूर्ण होना प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि बिशन समंद बांध एवं नहर के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति एवं 229.69 लाख रुपये कि वित्तीय स्वीकृति 12 अगस्त 2025 को जारी की गई। उन्होंने बताया कि इसकी 30 अगस्त 2025 को प्रथम निविदा आमंत्रित की गई थी, जिसमें किसी भी बिडर द्वारा भाग नहीं लिया गया। विभाग द्वारा निविदा को पुन: आमंत्रित कर 24 नवम्बर 2025 को इसके तकनीकी मूल्यांकन उपरांत वर्क ऑर्डर देकर धरातल पर कार्य शुरू कर दिया गया है।
इससे पहले विधायक घनश्याम के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में जल संसाधन मंत्री ने बताया कि टोडाभीम में बिशनसमंद बांध की नहर के जीर्णोद्धार कार्य के लिए की गई बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत 4 फरवरी 2026 को कार्यादेश जारी किया जा चुका है

