PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही;-आबूरोड में रीको थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 200 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में कंटेनर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
यह कार्रवाई रीको थाना क्षेत्र में नियमित नाकेबंदी और जांच अभियान के दौरान की गई। पुलिस ने एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कंटेनर के भीतर छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा मिला, जिसका कुल वजन 200 किलोग्राम था।
पुलिस अधीक्षक पीएल शिवरान के निर्देश पर यह ऑपरेशन चलाया गया। थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत के नेतृत्व में एक टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में एएसआई प्रमोद चौधरी, विक्रम राजपुरोहित, कांस्टेबल जयंती और ओमप्रकाश सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने कंटेनर ड्राइवर दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है, जो छपरा, बिहार का निवासी है। आरोपी से इस मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।

