PALI SIROHI ONLINE
फालना की सुल्तान सागर कॉलोनी में पानी का संकट,100 परिवार पेयजल के अभाव में, कांग्रेस ने उठाई पाइपलाइन की मांग।
फालना स्टेशन स्थित बेडल रोड पर बसी सुल्तान सागर आवासीय कॉलोनी में लगभग 100 परिवार पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। नगर कांग्रेस कमेटी, खुड़ाला-फालना के अध्यक्ष हितेश कुमार मेवाड़ा ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के सहायक अभियंता को इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कॉलोनी में पानी की पाइपलाइन बिछाने की मांग की गई है।
मेवाड़ा ने बताया कि सुल्तान सागर कॉलोनी में फालना की एक बड़ी आबादी स्थायी रूप से निवास करती है, लेकिन मूलभूत सुविधा पेयजल के अभाव में रहने को मजबूर है। निवासियों को दूर-दराज के इलाकों से पीने का पानी लाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इस स्थान पर लंबे समय से पेयजल की मांग की जा रही है, इसके बावजूद आज तक पानी की पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है। इससे वहां रहने वाली आबादी को अपनी मूलभूत आवश्यकता पेयजल के लिए दर-दर भटकना पड़ता है। छोटे-छोटे बच्चों को भी आए दिन पानी के लिए भटकते देखा जा सकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सहायक अभियंता से प्रार्थना की है कि वे उक्त स्थान पर बसे 100 स्थायी परिवारों के लिए पेयजल हेतु पाइपलाइन बिछाने के आदेश प्रदान करें, ताकि बच्चों सहित सभी परिवारों को पानी के लिए भटकना न पड़े।
इस मौके पर सतपाल सिंह देवड़ा सहित अन्य ग्रामीण मोजूद रहै।

