PALI SIROHI ONLINE
सिरोही। सिरोही जिले के बाहरी घाटा क्षेत्र में एक लेपर्ड के हमले से बाइक सवार 2 युवक घायल हो गए। यह घटना मंगलवार देर शाम उस समय हुई जब युवक पिंडवाड़ा से सिरोही की ओर जा रहे थे। गंभीर रूप से घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सिरोही निवासी चम्पत कुमार और सिरोड़ी निवासी करण कुमार पिंडवाड़ा से एक ही बाइक पर सवार होकर सिरोही लौट रहे थे। दोनों युवक पेटीएम में कार्यरत बताए जा रहे हैं।
देर शाम करीब 7 बजे जब वे बाहरी घाटा से नीचे उतर रहे थे, तभी सड़क पार करते हुए 2 लेपर्ड दिखाई दिए। उनमें से एक लेपर्ड ने अचानक बाइक पर झपट्टा मार दिया, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर गए।
इसी बीच वहां से गुजर रहे एक अन्य वाहन को देखकर लेपर्ड मौके से भाग गया। अन्य वाहन चालकों ने तत्काल एम्बुलेंस 108 को सूचना दी और लगातार हॉर्न बजाकर लेपर्ड को दूर रखने का प्रयास किया। कुछ ही मिनटों में एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार देकर सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
हमले में एक युवक के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे की हथेली में चोट लगी है। अस्पताल प्रशासन ने दोनों घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

