PALI SIROHI ONLINE
रेलवे: संरक्षा में उत्कृष्ट योगदान हेतु दो रेल कर्मचारी सम्मानित
जोधपुर, 16 फरवरी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले दो कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
दिनांक 26 जनवरी को गाड़ी संख्या 14662 के रोलिंग-इन परीक्षण के दौरान सहायक तकनीशियन कृष्ण कुमार ने 2-एसी कोच में प्राइमरी आउटर कॉइल स्प्रिंग टूटी हुई पाई। उनकी सजगता के कारण संबंधित कोच को तत्काल ‘सिक’ कर स्प्रिंग बदलवाई गई, जिससे संभावित इन-रूट अनयूजुअल अथवा दुर्घटना की आशंका टल गई और रेल संरक्षा सुनिश्चित हुई।
इसी क्रम में दिनांक 08 जनवरी को तकनीशियन-1 भेरा राम ने सिक लाइन में अनुरक्षण के दौरान 3-एसी कोच में बाहरी आघात से क्षतिग्रस्त स्पीड सेंसर केबल को मरम्मत कर नई केबल की लागत की बचत की। साथ ही एसी कोच की WSP जांच के दौरान एक्सल संख्या 1 एवं 2 के डंप वाल्व कनेक्शन आपस में बदले हुए पाए, जिन्हें समय रहते ठीक किया गया। इसके अतिरिक्त एक अन्य एसी कोच में भी स्पीड सेंसर केबल दोषपूर्ण पाई गई, जिसे चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
दोनों कर्मचारियों की सतर्कता, तकनीकी दक्षता एवं समर्पण से रेल संरक्षा सुदृढ़ हुई तथा संभावित परिचालन बाधाओं को टाला गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संरक्षा सर्वोपरि है तथा ऐसे कर्मचारियों का सम्मान पूरे मंडल के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (यांत्रिक) अमित स्वामी भी उपस्थित रहे। रेल प्रशासन द्वारा सभी कर्मचारियों से संरक्षा के प्रति निरंतर सजग एवं जिम्मेदार रहने का आह्वान किया गया।
