PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हरियाणा-पंजाब निर्मित शराब-बीयर से भरा ट्रक पकड़ा है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपए है। मामले में दो तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सीओ ग्रामीण अमरसिंह रत्नू ने बताया- 14 फरवरी को रोहट थाना पुलिस को अवैध रूप से शराब ले जाने की जानकारी मिली। इस पर थाना क्षेत्र में हाईवे पर निम्बली टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध ट्रक ड्राइवर को आता देख पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन उसने नाकाबंदी तोड़ी और ट्रक की रफ्तार तेज कर दी। पुलिस ने पीछाकर ट्रक को रूकवाया और उसमें सवार दो युवकों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक में आलू की बोरियों में छुपाकर रखी पंजाब-हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब और बीयर के 606 कार्टन बरामद हुए, जिनकी बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपए है।
मामले में पुलिस ने शराब से भरा ट्रक जब्त किया और बाड़मेर जिले के धनाऊ थाना क्षेत्र के सारणों की नाडी नवतला राठौडान निवासी आसुराम (30) पुत्र हनुमानराम और बाड़मेर जिले के ही जाणियों की बेरी कोलियाणा (सेडवा) भजनलाल (40) पुत्र भागीरथराम को गिरफ्तार किया। आरोपी यह शराब कहां से लेकर आए और आगे कहां सप्लाई करने जा रहे थे, इसको लेकर पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान रोहट थाने के एएसआई मोडाराम, कॉन्स्टेबल भेराराम, गोविंदसिंह, रामप्रकाश, सुरेश और महिला कॉन्स्टेबल गुड़िया शामिल रही।

