PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबू रोड के सांतपुर गांव में अज्ञात कारणों से करीब 45 बकरियों की मौत हो गई। यह घटना रविवार को तब हुई जब बकरियां जंगल में चरने गई थी।
सूचना मिलने पर रीको पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने बीमार बकरियों का इलाज शुरू किया और मृत बकरियों का पोस्टमॉर्टम कराया।कारणों की नहीं हो पाई जानकारी
पशुपालकों ने बताया कि बकरियां सामान्य दिनों की तरह जंगल में चरने गई थीं। लौटने के बाद वे अचानक बीमार पड़ गईं और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों द्वारा तत्काल इलाज के बावजूद बकरियों को बचाया नहीं जा सका।
इस घटना में कुल पांच पशुपालकों की बकरियां प्रभावित हुई हैं। इनमें हीरा पुत्र भावाजी की 14 बकरियां, भीमा रूपाजी की 9 बकरियां, भगवाना पुत्र रूपाजी की 14 बकरियां, अगराजी कसनाजी की 4 बकरियां और लक्ष्मण भावाजी की 4 बकरियां शामिल हैं।
बीमार बकरियों का इलाज किया
पशु चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. संदीप यादव और डॉ. उत्तम सिंह देवड़ा सहित अन्य स्टाफ ने बीमार बकरियों का इलाज किया और मृत बकरियों का पोस्टमार्टम किया। बकरियों की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

