PALI SIROHI ONLINE
मोदरान, जालोर-मोदरान क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार पर नकेल कसने के लिए रामसीन और मोदरान चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस ने बासडा धनजी रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी के दौरान 9 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया।रामसीन थाना अधिकारी अरविंद राजपुरोहित और मोदरान चौकी इंचार्ज जय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। पुलिस ने बासडा धनजी रोड पर संदिग्धों की तलाशी के दौरान बासडा धनजी निवासी कृष्णा कुमार उर्फ चिंटू राजपुरोहित को पकड़ा। उसकी तलाशी लेने पर 9 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कृष्णा कुमार उर्फ चिंटू नशे के कारोबार का पुराना अपराधी है। वह पहले भी स्मैक तस्करी के कई मामलों में जेल जा चुका है। बार-बार जेल जाने के बावजूद उसने अपनी अवैध गतिविधियां बंद नहीं की थीं, जिससे वह इलाके में पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ था।
मोदरान और आसपास के क्षेत्रों में स्मैक, अफीम, एमडी (MD) और गांजे जैसे मादक पदार्थों का कारोबार बढ़ रहा है। क्षेत्र में कई जगहों पर नशेड़ियों ने अपने ठिकाने बना लिए हैं। इस नशे की चपेट में स्थानीय युवा आ रहे हैं।
अफीम और गांजे के साथ-साथ सिंथेटिक ड्रग्स (MD) की बढ़ती उपलब्धता स्थानीय प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। पुलिस ने बताया कि नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई केवल शुरुआत है और भविष्य में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

