PALI SIROHI ONLINE
प्रतापगढ़-प्रतापगढ़ पुलिस ने देवगढ़ थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 773 ग्राम ब्राउनशुगर जब्त की है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 54 लाख 60 हजार रुपए है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है।जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और देवगढ़ थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी की। इस दौरान प्रतापगढ़ की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोका गया।
पुलिस टीम को देखकर कार चालक और सह-यात्री घबरा गए। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान राधेश्याम उर्फ राजू (38) पुत्र कन्हैयालाल नाई, निवासी कोटड़ी बताई। सह-यात्री ने अपना नाम कारूलाल (45) पुत्र रामलाल गायरी, निवासी कोटड़ी बताया। कार की तलाशी लेने पर चालक और परिचालक की सीट के बीच गियर बॉक्स के नीचे बनी एक गुप्त जगह से दो प्लास्टिक की थैलियों में कुल 773 ग्राम अवैध ब्राउनशुगर मिली।
आरोपियों के पास ब्राउनशुगर के परिवहन के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं मिला। पूछताछ में राधेश्याम उर्फ राजू और कारूलाल गायरी ने बताया कि उन्हें यह ब्राउनशुगर आमिर खान उर्फ दूल्हा भाई पुत्र खान बहादुर खान पठान, निवासी रंगरेज गली अरनोद (हाल मुकाम नई आबादी कोटड़ी) ने अपनी क्रेटा कार से निकालकर दी थी। उन्हें यह खेप उदयपुर के पास 6 लेन हाईवे रोड पर दूल्हा भाई के बताए एक व्यक्ति को पहुंचानी थी।पुलिस ने तत्काल 773 ग्राम अवैध ब्राउनशुगर और परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों राधेश्याम उर्फ राजू और कारूलाल गायरी को गिरफ्तार कर देवगढ़ थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

