PALI SIROHI ONLINE
नागाणी/सानवाड़ा-अनादरा थाना क्षेत्र में सनवाड़ा के पास गुरुवार शाम सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस के अनुसार बोकी डेरली निवासी कांता गरासिया (22) पत्नी भगाराम गरासिया अपने पति और ढाई वर्षीय बेटे के साथ बाइक से सिरोही से घर लौट रही थीं। शाम करीब 5:30 बजे सनवाड़ा के पास एक मोड़ पर तेज गति से एक ट्रेलर बाइक के पास से गुजरा। इससे बाइक के पीछे बैठी कांता असंतुलित होकर सड़क पर सिर के बल गिर गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गिरने के दौरान ट्रेलर का पिछला पहिया महिला के सिर से हल्का स्पर्श भी कर गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पिता की गोद में बैठा था मासूम, बाल-बाल बची जान
हादसे के समय ढाई वर्षीय मासूम प्रकाश बाइक पर आगे पिता की गोद में बैठा था। यदि वह मां की गोद में होता तो गंभीर हादसे का शिकार हो सकता था। घटना के बाद मासूम अपनी मां को देखकर रोता रहा। पितासदमे में बच्चे को संभालने की कोशिश करता रहा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार यह दृश्य बेहद मार्मिक था। पिता ने बच्चे को चुप कराने के लिए बिस्कुट भी दिए, लेकिन वह बार-बार मां को ही ढूंढता रहा।
