PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
पाली-स्वच्छ भारत मिशन ब्रांड एंबेसडर गुप्ता ने ली स्वच्छता संबंधी बैठक,स्वच्छता बढ़ाने पर दिया बल,
स्वच्छ भारत मिशन राजस्थान सरकार के ब्रांड एंबेसडर के. के. गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर सभागार में स्वच्छता संबंधी बैठक आयोजित हुई बैठक में उन्होंने चर्चा कर जानकारी ली और इस बारे में आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्वच्छता मिशन को धरातल पर उतारना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। विकसित राज्य और विकसित जिले के निर्माण के लिए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन की महत्ता देश-विदेश में स्थापित हो चुकी है और स्वच्छता केवल गंदगी से मुक्ति ही नहीं दिलाती, बल्कि अनेक बीमारियों से भी बचाती है। किसी भी शहर के प्रति पर्यटकों का पहला दृष्टिकोण उसकी स्वच्छता से ही बनता है।
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही स्वच्छता सर्वेक्षण का निरीक्षण प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर सभी निकाय अधिकारी एवं कर्मचारी संकल्प लें कि स्वच्छता से जुड़े कार्य पूर्ण जिम्मेदारी, समर्पण और समयबद्धता से पूरे किए जाएंगे कार्यों में मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति का पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने डूंगरपुर जिले के स्वच्छता सर्वेक्षण में अग्रणी रहने का उदाहरण देते हुए बताया कि टीम वर्क, जनजागरूकता, गीले-सूखे कचरे का पृथक निस्तारण, नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और सतत मॉनिटरिंग से बेहतर परिणाम प्राप्त हुए।
बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रमुख बिंदुओं पर जोर दिया गया, जिनमें 365 दिन नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीले-सूखे कचरे की अलग व्यवस्था, नाइट स्वीपिंग, सार्वजनिक शौचालयों का बेहतर रखरखाव, सड़कों व नालियों की नियमित सफाई, रोड लाइट व्यवस्था, बाग-बगीचों की साफ-सफाई, तालाब-झीलों का जीर्णाेद्धार, अतिक्रमण हटाना, जियो-टैग आधारित मॉनिटरिंग, जागरूकता होर्डिंग तथा शिकायत निवारण टोल सेवा शामिल हैं।
उन्होंने डूंगरपुर जिले को स्वच्छता सर्वेक्षण में अग्रणी बनाने में सहयोग देने वाले निकाय अधिकारियों नरपत सिंह, लोकेश एवं विकास का आभार व्यक्त किया ।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग ओम प्रभा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल सीपा, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, यूआईटी के विकास लेघा समेत विभिन्न निकायों के ईओ, एईएन, इंजीनियर आदि मौजूद रहे

