PALI SIROHI ONLINE
रानीवाड़ा। रानीवाड़ा थाना क्षेत्र के बामनवाड़ा गांव में तीन दिन से लापता एक व्यक्ति का शव मिला है। बुधवार शाम करीब 6 बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर शव देखा, जिसके बाद रानीवाड़ा पुलिस को सूचना दी गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
तीन दिन से लापता थे
सूचना मिलते ही थानाधिकारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान बामनवाड़ा निवासी मंगाराम (पुत्र सवसीराम कोली) के रूप में हुई है। मंगाराम पिछले तीन दिनों से लापता थे, जिनकी तलाश परिजन और ग्रामीण कर रहे थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रानीवाड़ा भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम की जांच के बाद ही हो पाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
फिलहाल, पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और सभी की निगाहें अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

