PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर। उदयपुर जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम सिलाई का काम कर रही एक महिला पर अज्ञात बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। महिला गंभीर घायल हो गई। जिसके बाद उसे एमबी हॉस्पिटल रेफर किया गया। खून ज्यादा बहने से महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
हॉस्पिटल में भर्ती घायल महिला ने बताया कि हमले के दौरान वह चिल्लाती हुई दुकान से बाहर आई और लोगों से मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन लोग तमाशे की तरह देखते रहे। किसी ने मेरी मदद नहीं की।
थानाधिकारी तेजू सिंह ने बताया कि कुराबड़ के ब्रह्मपुरी में यास्मीन (35) पुत्री फैयाज शाह अपनी दुकान पर सिलाई कर रही थी। तभी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। महिला घायल हो गई। जिसका इलाज जारी है। पुलिस आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है।
बहन के कपड़े लेने की बात बोल रहा था आरोपी
जानकारी अनुसार आरोपी अपने बहन के कपड़े सिलाई के बाद लेने की बात कह रहा था, लेकिन पीड़िता ने ऐसे कोई कपड़े होने से इंकार कर दिया। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया। फिर करीब 20 मिनट बाद वापस लौटा और सिलाई करती महिला पर चाकू से हमला कर दिए।
बदमाश ने महिला की गर्दन, सिर और हाथ पर तीन वार किए। जिससे वह घायल हो गई। आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कुराबड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस घटना के स्पष्ट कारणों की तलाश में जुटी है।
लोगों ने नहीं की मदद
घायल महिला की मामी गुलनाज बानो ने बताया कि आरोपी ने यास्मीन पर तीन बार चाकू से वार किए। मौके पर लोग जमा हो गए थे लेकिन किसी ने मदद नहीं की। हम घायल को हॉस्पिटल लाए, तब भी पुलिस साथ नहीं थी। आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और हमें सुरक्षा दिलाई जाए।

