PALI SIROHI ONLINE
नया सानवाड़ा | राजपुरा गांव के पास फोरलेन हाईवे से करीब 500 मीटर दूर निर्माणाधीन सरकारी संस्कृत कॉलेज परिसर में मंगलवार रात करीब 11 बजे चोरी का प्रयास किया गया। बाइक चोरी करने पहुंचे तीन बदमाशों की पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। चौकीदार की सतर्कता और सूझबूझ से वारदात टल गई। कॉलेज निर्माण कार्य एमएवीईएल कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। ठेकेदार सुरेंद्रसिंह देवड़ा (निवासी पाथावाड़ा, गुजरात) ने बताया कि रात में तीन बदमाश साइट पर पहुंचे। इनमें से दो परिसर के अंदर घुस गए और वहां खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर ले जाने का प्रयास करने लगे।
पत्थरबाजी कर भागे बदमाश :
परिसर में चौकीदारी कर रहे भूराराम देवासी को आहट सुनाई दी तो वे कमरे से बाहर आए। टॉर्च की रोशनी डालते ही बदमाशों ने उन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। जान बचाने के लिए भूराराम वापस कमरे में गए और शोर मचाया। पास के कमरे में सो रहे मोंटू सिंह भी बाहर आए, लेकिन बदमाशों ने उन पर भी पत्थर फेंके, जिससे उन्हें भी भीतर जाना पड़ा। स्थिति को भांपते हुए मोंटूसिंह ने पास स्थित होटल के संचालक धनाराम देवासी को फोन पर सूचना दी। फोन पर बातचीत सुनकर बदमाश बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। करीब चार मिनट में होटल स्टाफ मौके पर पहुंच गया,
लेकिन तब तक चोर भाग चुके थे।
