PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-राजस्थान विधानसभा में डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बजट पेश किया। इस बजट में उन्होंने उदयपुर जिले को लेकर कई घोषणाएं की।
बजट में उदयपुर जिले में दो नए पुलिस थाने दिए गए। वहीं शहर के भुवाणा चौराहा से अंबेरी फ्लाईओवर तक सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए राशि दी गई। प्रताप नगर से बलीचा मार्ग पर आयड़ नदी स्थित मौजूदा दो लेन ब्रिज को 4 लेन तक विस्तार किया जाएगा। वहीं शहर में झूलते तारों को अंडरग्राउंड करने के लिए 8 करोड़ रुपए की घोषणा की है।साथ ही संभाग मुख्यालय को सिग्नल फ्री किया जाएगा। इससे शहर में यातायात जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
1. आयड़ और मामेर पुलिस थाना बनेगा; शहर सिग्नल फ्री होगा उदयपुर शहर के बीच स्थित आयड़ पुलिस चौकी को क्रमोन्नत कर दिया है। इसी प्रकार झाड़ोल के मामेर पुलिस चौकी को पुलिस थाना में क्रमोन्नत किया जाएगा। अब आयड़ और मामेर उदयपुर पुलिस के नए पुलिस स्टेशन बनेंगे। साथ ही संभाग मुख्यालय को सिग्नल फ्री किया जाएगा। इससे शहर में यातायात जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
2. उदयपुर के एमबी अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित होगा महाराणा भूपाल चिकित्सालय उदयपुर के अंतर्गत रीजनल कैंसर सेंटर संबंधी उपकरण पीपीपी मोड पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। एमबी अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित किए जाएंगे। इसी तरह उदयपुर के चिकित्सा महाविद्यालय के मुख्य चिकित्सालयों में अत्याधुनिक विश्राम गृह स्थापित किया जाएगा।
3. शहरी विकास के लिए ये मिला भुवाणा चौराहा से अंबेरी फ्लाईओवर तक सड़क सुदृढ़ीकरण पर 38.50 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा है। इसी प्रकार मावली विधानसभा में डबोक-मावली-कपासन में आरओबी स्वीकृत किया गया है। साथ ही बाढ़ सुरक्षा को लेकर उदयपुर में कार्य होंगे। प्रताप नगर-बलीचा 4-लेन सड़क के बीच स्टेट हाईवे 32 की क्रॉसिंग स्थित 2-लेन अंडरब्रिज एवं आयड़ नदी स्थित मौजूदा 2-लेन ब्रिज को 4-लेन के विस्तारीकरण का कार्य पर 41 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसी प्रकार फतहसागर झील परिधि में स्थित रानी रोड पर कार्य के लिए 25 लाख रुपए रखे गए।
4. गांवों में सड़क और पुलिया निर्माण होगाउदयपुर शहर से सटे हाईवे हाकड़ी नाल काया से आमदरी चणबोरा में सड़क निर्माण 2.95 करोड़ रुपए में होगा। गोगुंदा में बनास नदी व साबरमती नदी पर आवागमन के लिए अलग-अलग पुलिया निर्माण कार्य 10 करोड़ रुपए में होगा। खैरवाड़ा क्षेत्र के कनबई भोमटावा से झाझरी सड़क गुजरात सीमा तक 10 करोड़ रुपए में विकास काम होंगे। इसी प्रकार डबोक से टांक तक 9 किलोमीटर तक 8 करोड़ रुपए में सड़क निर्माण होगा।
5. सायरा में बिजली निगम का एईएन होगागोगुंदा के सायरा में बिजली निगम का सहायक अभियंता कार्यालय खुलेगा। इधर, उदयपुर में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने का काम 8 करोड़ 57 लाख रुपए में होगा।
6. तालाबों के विकास के लिए घोषणाएं रामसर साइट मेनार में एकीकृत प्रबंधन योजनाएं बनाई जाएंगी। भींडर के दवेला तालाब गंभीर सागर झील के सौंदर्याकरण पर 4 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसी प्रकार उदयपुर के सरूपाल के हवना कुई में एनीकट का निर्माण होगा। वहीं काया स्थित आमदरी में तालाब की मरम्मत की जाएगी।
7. उदयपुर जेल का नया भवन बनेगा बजट में उदयपुर शहर में पुलिस लाइन रोड स्थित सेंट्रल जेल का नया भवन बनाया जाएगा। उदयपुर जेल में आधुनिक मुलाकात कक्षों का निर्माण भी किया जाएगा।
8. कथौड़ी जनजाति वर्ग की महिला मुखिया को हर महीने मिलेंगे 1200 रुपएउदयपुर जिले के कथौड़ी जनजाति परिवारों को हर महीने घी, तेल एवं दाल के लिए राशि दी जाएगी। इस योजना में पात्र परिवारों की महिला मुखिया को 1 हजार 200 रुपए हर महीने डीबीटी से दिए जाएंगे।
