PALI SIROHI ONLINE
बाड़ी (धौलपुर)-बाड़ी क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा को दुष्कर्म के प्रयास के बाद जहर पिलाने का मामला सामने आया है। दसवीं कक्षा की छात्रा को तीन युवकों ने कथित तौर पर दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर उसे जहरीला पदार्थ पिला दिया। घटना के बाद अचेत हुई बालिका को बाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
तीन युवकों पर लगा आरोप
पीड़ित बालिका के पिता ने बताया- यह घटना 9 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की है। उनकी पत्नी और बेटी पड़ोस में एक शादी समारोह में गई थीं। पत्नी सामूहिक गीतों में वहीं रुक गईं, जबकि बेटी घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के तीन युवक उसे बातों में लगाकर पास के सरसों के खेत में ले गए। वहां उन्होंने उससे गलत काम करने का प्रयास किया।
जबरन दहरीला पदार्थ पीलाने का आरोप
बालिका ने इसका कड़ा विरोध किया और घर बताने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। जब बालिका घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। वह खेत में अचेत अवस्था में मिली।
परिजन उसे पहले एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां दो दिन तक उसका उपचार चला। पैसों की कमी के कारण उसे बाद में बाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बालिका के पिता ने बताया कि उनकी पत्नी ने उन्हें फोन पर घटना की सूचना दी, जिसके बाद वह बुधवार को अस्पताल में पहुंचे। उन्होंने थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती बालिका के पर्चा बयान लिए गए हैं। पिता द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
