PALI SIROHI ONLINE
बाली-बाली थाना क्षेत्र के सेवाड़ी गांव में सोमवार को एक बुजुर्ग की कुएं में मिले शव को लेकर अब मृतक के बेटे ने इसे सोची-समझी हत्या बताते हुए बाली थाने में नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बेटी को स्कूल छोड़ने गया था बुजुर्ग
मृतक के बेटे धनपत देवासी ने बताया- उनके पिता सोमवार सुबह 11:30 बजे अपनी बेटी खुशबू को गुड़ा सीरवियान स्थित स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे महेंद्र सिंह राठौड़ की पत्नी उनके घर आई और उनकी माता लहरी देवी को बताया कि उसका पति शराब के नशे में उनके पिता को जान से मारने की धमकी देकर अपने बेरे से निकाल चुका है।
कुएं में मिला बुजुर्ग का शव
दोपहर 1 बजे के बाद मृतक का मोबाइल फोन बंद हो गया। शाम करीब 4 बजे ईश्वर सिंह, महेंद्र हीरागर और अर्जुन सिंह मृतक के घर पहुंचे और उनके बारे में पूछताछ की। कुछ देर बाद वे मृतक की एक चप्पल लेकर आए और बताया कि वह उनके बेरे पर मिली है, साथ ही मृतक की बाइक भी वहीं खड़ी है।
इसके बाद परिजन उनके साथ बेरे पर पहुंचे, जहां कुएं में एक और चप्पल दिखाई दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कुएं से शव को बाहर निकलवाया।
उधार के रुपए वापस मांगने पर हत्या करने का शक
धनपत ने आरोप लगाया कि उनके पिता ने आरोपी महेंद्र सिंह को पिछले करीब 5 वर्षों में 5 से 10 लाख रुपए उधार दिए थे। जब बहन की शादी के लिए पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपियों द्वारा टालमटोल, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी गईं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि आरोपी के बेरे में लगे सीसीटीवी की 15-20 मिनट की फुटेज गायब है।
अभी तक नहीं करवाया पोस्टमॉर्टम, गिरफ्तारी की मांग पर अड़े
प्रार्थी ने महेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, ईश्वर सिंह सहित अन्य लोगों पर साजिश के तहत पिता की हत्या का आरोप लगाया है। सोमवार को हुई घटना के बाद मंगलवार को भी ग्रामीणों से समझाइश का दौर चलता रहा, लेकिन पोस्टमॉर्टम की सहमति नहीं बन पाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी चैन सिंह महेचा, बाली थानाधिकारी परबत सिंह सहित पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात है।
इस दौरान अंतराष्ट्रीय मानवाधिकार सगठन लीगल एडवाइजर अवधेश आर मार, एडवोकेट दशरथ बामनिया, सतपाल सिंह मीणा, एडवोकेट रविंद्र ओझा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित है।
https://www.instagram.com/reel/DUlLzi5E0cl/?igsh=MTU5MGMwZ2Q4NnM1Yg==
वीडियो


