PALI SIROHI ONLINE
आहोर-जालोर जिले के आहोर के युवक की संदिग्ध मौत के मामले में तीसरे दिन भी मृतक का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। दिन भर प्रदर्शन के बाद सहमति ना बनने पर अब भीड़ उग्र हो गई है और जालोर कूच की चेतावनी देते हुए प्रदर्शन कर रही है। मंगलवार सुबह से जालोर सहित पाली, सिरोही के मीणा समाज के लोग अस्पताल के बाहर धरना दे रहे थे। अब प्रदर्शनकारी यह भी मांग कर रहे हैं कि जिन अधिकारियों ने कल बाप पार्टी के छगनलाल के साथ बदसलूकी की उन्हें तुरंत निलंबित किया जाए।दो बार बातचीत के बाद भी नहीं बनी सहमति
समझाइश के लिए कलेक्टर, एसपी सहित सभी अधिकारियों ने वार्ता की लेकिन सहमति नहीं बनी। दोबारा एडिशनल एसपी मोटाराम गोदारा, डिवाइएसपी दसरथ सिंह, उपखण्ड अधिकारी आहोर रोहित चौहान ने भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष छगन मीणा, गौतम ऋषि ट्रस्ट पाली और सिरोही के जिला अध्यक्ष रतनलाल से वार्ता की परंतु असफल रही। फिलहाल भीड़ उग्र प्रदर्शन कर रही है। मौके पर नोसरा, भाद्राजून, आहोर, जालौर सहित अतिरिक्त जाब्ता मौजूद है।मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीवाईएसपी दशरथ सिंह के नेतृत्व में भाद्राजून थाना अधिकारी लालाराम एवं नोसरा थानाधिकारी देवाराम पुलिस बल के साथ मौजूद हैं। भीड़ को देखते हुए जालोर पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता बुलाया गया है।
इस दौरान बाप नेता छगन मीणा ने बताया कि न्याय की मांग को लेकर आज पूर्ण जाम का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि तीन जिलों (जालोर, पाली, सिरोही) के मीणा समाज के लोग एकजुट होकर न्याय के लिए एक स्थान पर एकत्रित होंगे। जब तक दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

