PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-सांचौर में सरकारी स्कूलों के कुक कम हेल्पर यूनियन ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन सांचौर के एडीएम के माध्यम से भेजा गया। इसमें मानदेय बढ़ाने, स्थायीकरण और मासिक पेंशन लागू करने की प्रमुख मांगें उठाई गईं।
यूनियन ने बताया कि कुक कम हेल्पर कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए पोषाहार तैयार करते हैं और दूध गर्म करके पिलाने जैसी जिम्मेदारियां निभाते हैं। इसके बावजूद, उन्हें वर्तमान में केवल 2200 रुपये प्रति माह मानदेय मिलता है।
यूनियन के अनुसार, इस अल्प मानदेय से परिवार का पालन-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। यूनियन की जिलाध्यक्ष मणिदेवी सैन सरनाऊ ने बताया कि यह मानदेय भी समय पर नहीं मिल पाता, जिससे कर्मचारियों को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में कुक कम हेल्परों का मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपए प्रति माह करने की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, 3 हजार रुपये मासिक पेंशन लागू करने और सभी कर्मचारियों को स्थायी करने की भी मांग रखी गई।
इस दौरान दरिया देवी, पवन देवी, छोगाराम प्रजापत, कमला देवी, रेखा देवी, संतोष देवी, सीता देवी, डिम्पल देवी सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे

